सुपर ओवर में Netherlands ने WI को हराया, Logan van Beek बने हीरो
सुपर ओवर में Netherlands ने WI को हराया, Logan van Beek बने हीरो
आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर के मैच में नीदरलैंड की टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए वेस्टइंडीज को सुपर ओवर में हराया। कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 374 रन टांगे। हालांकि नीदरलैंड की टीम बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के चलते मैच को टाई कराने में सफल रही। इसके बाद सुपर ओवर में टीम बाजी मारने में सफल रही।
आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर के सबसे रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए वेस्टइंडीज को हार का स्वाद चखाया है। कैरेबियाई टीम 374 रन का बचाव नहीं कर सकी और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में नीदरलैंड के बल्लेबाज लोगन वैन बीक ने जेसन होल्डर की जमकर कुटाई की और तीन छक्के और इतने ही चौके जड़ते हुए 30 रन बना डाले, जिसके जवाब में कैरेबियाई टीम सिर्फ आठ रन ही बना सकी।
दरअसल, नीदरलैंड को जीत के लिए आखिरी ओवर में 9 रन की दरकार थी। वेस्टइंडीज की तरफ से गेंद अल्जारी जोसेफ के हाथ में थी। जोसेफ के हाथ से छूटी पहली ही गेंद पर वैन बीक ने जोरदार चौका जड़ा दिया। इस चौके के साथ ही नीदरलैंड की उम्मीदें भी जग चुकी थीं। आखिरी पांच गेंदों पर पांच रन बनाने थे। हालांकि, जोसेफ ने अगली पांच गेंदों में दो विकेट समेत सिर्फ चार रन ही खर्च किए और स्कोर टाई हो गया।
सुपर ओवर में कैरेबियाई टीम की ओर से गेंदबाजी करने आए जेसन होल्डर। नीदरलैंड की तरफ से स्ट्राइक पर एकबार फिर वैन बीक थे और उनको किस्मत ने चमकने का एक और मौका दिया था। होल्डर के हाथ से निकली पहली गेंद पर ही बीक चौका जड़ते हैं। इसके बाद दूसरी पर सिक्स, तीसरी पर चौका और चौथी गेंद पर वैन बीक के बल्ले से एक और छक्का निकलता है। 4 गेंदों में 20 रन बन चुके थे। नीदरलैंड के खेमे को जीत की खुशबू आ रही थी, तो वेस्टइंडीज के खिलाड़ी हैरान और परेशान थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर भी बीक छक्का जड़ते और लास्ट बॉल पर चौका लगाते हुए वह सुपर ओवर का अंत करते हैं।
गेंद से भी चमके
ओवर से कुल 30 रन आते हैं और अब जीत के लिए वेस्टइंडीज को 31 रन बनाने थे। कैरेबियाई टीम की तरफ से जॉनसन चार्ल्स छक्का लगाकर धमाकेदार शुरुआत करते हैं, लेकिन बल्ले से धमाल मचाने के बाद वैन बीक अगली दो गेंदों पर सिर्फ दो रन खर्च करते हैं। चौथी गेंद पर चार्ल्स बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा देते हैं। वहीं, अगली ही बॉल पर होल्डर भी चलते बनते हैं। इस तरह से वनडे क्रिकेट इतिहास के तीसरे सुपर ओवर में नीदरलैंड की टीम बाजी मारने में सफल रहती है।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 6 विकेट खोकर 374 रन लगाए थे। टीम की ओर से निकोलस पूरन ने बेहतरीन बल्लेबजाी करते हुए शतकीय पारी खेली। इसके जवाब में नीदरलैंड की ओर से तेजा निदामानुरु ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 111 रन जड़े। वहीं, लोगन वैन बीक ने आखिरी के ओवरों में 14 गेंदों पर 28 रन कूटे, जिसके चलते नीदरलैंड की टीम स्कोर को टाई कराने में सफल रही।
Comments
Post a Comment